उत्तराखण्ड
कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट: दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले, कल सेमीफाइनल और फाइनल मैच
नै
दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में बिगनर्स सिंगल्स इवेंट में कुंदन बिष्ट ने शुक्ल नागपाल को 6-4 से पराजित किया। वहीं 30-50 वर्ष आयुवर्ग के सिंगल्स मुकाबले में रवि तेजा ने उत्कर्ष अग्रवाल को 7-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।इसी आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में रानीखेत के चिराग मेहरा एवं जी. जगाती की जोड़ी ने रामनगर के मोहित सिंह राठौर एवं नमित तिवारी को 6-3 से शिकस्त दी। वहीं सिंगल्स मुकाबले में रुद्रपुर के आशिम बेग ने रानीखेत के चिराग मेहरा को कड़े संघर्ष के बाद 7-6 से पराजित किया। नैनीताल के आदित्य चौबे ने रानीखेत के गौरव पांडेय को 6-1 से हराकर अपनी बढ़त बनाई।
50 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के डबल्स मुकाबले में रामनगर के ललित मोहन जोशी एवं नमित तिवारी की जोड़ी ने नैनीताल के राजेंद्र सिंह अधिकारी एवं जय सिंह नेगी को कड़े मुकाबले में 7-6 से पराजित किया। एक अन्य डबल्स मुकाबले में नैनीताल के आदित्य चौबे एवं रवि तेजा ने रानीखेत के सुमित गोयल एवं नैनीताल के मोहित जगाती की जोड़ी को 6-2 से हराया।इससे पूर्व शुक्रवार शाम एवं रात्रि में खेले गए मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। 30-50 वर्ष आयुवर्ग के सिंगल्स मुकाबले में रुद्रपुर के आशिम बेग ने नैनीताल के रितेश साह को 6-3 से हराया, जबकि रामनगर के मोहित सिंह राठौर ने नैनीताल के जी. जगाती को 6-4 से पराजित किया। इसी आयुवर्ग के डबल्स मुकाबले में नैनीताल के अमर जगाती एवं शिवेश्वर सिंह की जोड़ी ने हल्द्वानी के हिमांशु तिवारी एवं देवेंद्र सिंह बिष्ट को 6-1 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। वहीं नैनीताल के अमित जोशी ने अपने ही शहर के जय सिंह नेगी को 6-1 से पराजित किया।
प्रतियोगिता के सचिव अमर जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन रविवार को शेष सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों का शुभारंभ प्रातः सात बजे से होगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय में मैच पूरे नहीं होने की स्थिति में शेष मुकाबले शाम को फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे।
उत्तराखंड प्रदेश टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के महासचिव एवं रानीखेत निवासी सुमित गोयल ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही क्षेत्र में टेनिस के प्रति रुचि और लोकप्रियता बढ़ती है। ऐसे आयोजन टेनिस खेल को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टूर्नामेंट के दौरान न्यू क्लब के स्टैंड में बैठकर स्थानीय दर्शकों ने भी मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया। दर्शकों ने कहा कि न्यू क्लब में जब भी टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है, वे वर्षों से नियमित रूप से मैच देखने पहुंचते हैं। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन को यादगार बना दिया।





