उत्तराखण्ड
अमृतपुर बाईपास निर्माण का रास्ता साफ, स्टे ऑर्डर निरस्त होते ही दोबारा शुरू हुआ काम

सांसद अजय भट्ट ने दी जानकारी, बाईपास बनने से नैनीताल और कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
हल्द्वानी। अमृतपुर बाईपास मार्ग के निर्माण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जानकारी दी है कि अमृतपुर बाईपास मार्ग के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल द्वारा पारित अंतरिम स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) निरस्त कर दिया गया है। इसके बाद मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है और कार्यस्थल पर आज से निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश निरस्त किए जाने के बाद संबंधित स्थल पर निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। अमृतपुर बाईपास मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
बाईपास मार्ग का निर्माण पूरा होने से नैनीताल और कैंची धाम आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ ही आवागमन अधिक सुगम होने की संभावना है।
अमृतपुर बाईपास मार्ग को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों में इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है।





















