उत्तराखण्ड
रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का बड़ा प्रहार: टेंडर भुगतान के बदले 50 हजार लेते JE गिरफ्तार
अजय सिंह – वरिष्ठ संवाददाता

जानकारी के अनुसार, पशुलोक बैराज में कराए गए एक टेंडर कार्य के बकाया भुगतान को पास कराने के एवज में आरोपी JE ठेकेदार से रिश्वत की मांग कर रहा था। बार-बार अवैध धनराशि की मांग से परेशान ठेकेदार ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर देहरादून सतर्कता थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) विजिलेंस के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन कर विशेष रणनीति बनाई गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौके पर तैनात विजिलेंस टीम ने JE फैसल खान को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उससे पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है।
विजिलेंस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
