उत्तराखण्ड
पिथौरागढ़ में कांग्रेस की बैठक में हंगामा: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सामने भिड़े नेता, मयुख महर के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैठक के दौरान कांग्रेस नेता दीपक लूंठी ने पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता मयुख महर के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर “मयुख महर मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जिससे बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नारेबाजी के बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और तीखी बहस शुरू हो गई।
स्थिति को बिगड़ता देख प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन विवाद के चलते बैठक का माहौल पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से नाराज मयुख महर ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। उनके समर्थक भी बैठक से बाहर आ गए, जिससे कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति बनी रही।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बैठक के दौरान नेताओं के बीच तीखी बहस, नारेबाजी और हंगामे जैसी स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी मतभेदों को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है।
हालांकि, विवाद की मूल वजह को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाई गई बैठक में इस तरह का घटनाक्रम पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला है।
अब सभी की नजर कांग्रेस नेतृत्व पर टिकी है कि वह इस मामले को किस तरह सुलझाता है और पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
