Connect with us

उत्तराखण्ड

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत रामनगर में वृहद स्वास्थ्य शिविर, 519 लोगों ने उठाया लाभ

 

 रामनगर ,,13 जुलाई 2026। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल द्वारा प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत उप जिला चिकित्सालय रामनगर में सोमवार को वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 519 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी स्वास्थ्य जांच कराई, जबकि टीबी मरीजों को निश्चय मित्रों द्वारा पौष्टिक आहार वितरित किया गया।

शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री दिनेश मेहरा, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, संजय बिष्ट, आशा बिष्ट, अजय पाल तथा नवीन करगेटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. बिष्ट ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एस. खोलिया, मनोचिकित्सक डॉ. रश्मि कोहली और ईएनटी सर्जन डॉ. दिलीप वार्ष्णेय सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी जांच, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, एक्स-रे, विभिन्न लैब जांच, दिव्यांग प्रमाण पत्र, रक्तदान, आयुष्मान भारत कार्ड तथा आभा आईडी जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में 290 लोगों की ब्लड शुगर, 285 लोगों का ब्लड प्रेशर, 225 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 125 गर्भवती महिलाओं की जांच, 120 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 130 लोगों की एलएफटी/केएफटी सहित अन्य रक्त जांच, 15 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा 58 एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 20 आयुष्मान कार्ड और 118 आभा आईडी भी बनाई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को उनके घर के निकट समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

शिविर के सफल आयोजन में डॉ. दीपा आर्य, डॉ. संदीप पांगती, आकाशा बनकोटी, डॉ. मीनाक्षी गुरानी, मनोज सती, रवि कुमार, मनमोहन रमोला, पवन तिवारी, राजीव बदलाकोटी, रीता एवं दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page