Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 46वीं कार्य परिषद की बैठक सम्पन्न, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

 

, 4 अगस्त। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 46वीं कार्य परिषद की बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकांश प्रस्तावों को कार्य परिषद की संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत 45वीं कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि एवं उस पर की गई कार्यवाही के अनुमोदन से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय में विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, नए अध्ययन केन्द्रों एवं विशेष अध्ययन केन्द्रों की स्थापना, व्यक्तिगत छात्रवृत्ति (इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न विषयों में अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, सामुदायिक रेडियो अनुभाग में कार्मिकों के चयन तथा पुनर्नियोजन से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्य परिषद ने केंद्रीय मूल्यांकन संचालन के लिए मानदेय निर्धारण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। साथ ही विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद की बैठकों में पारित विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तावों एवं संस्तुतियों का अनुमोदन करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने की सहमति दी।

विद्या परिषद की संस्तुतियों के अंतर्गत विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक कार्यक्रमों एवं पाठ्यक्रमों की शुरुआत, मौजूदा विनियमों में संशोधन, शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विभिन्न अकादमिक सुधारों से जुड़े प्रस्तावों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया गया।

बैठक में लिए गए निर्णयों को विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा संस्थागत विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में कार्य परिषद के नामित बाह्य सदस्य एवं हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चन्द्र बिंजोला ऑफलाइन उपस्थित रहे। वहीं प्रो. बी.एस. राजपूत (पूर्व कुलपति, कुमाऊँ विश्वविद्यालय), प्रो. योजना रावत (पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़), प्रो. शची शाह (इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) तथा उच्च शिक्षा विभाग के नामित प्रतिनिधि एवं अपर सचिव मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस.पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यसूची कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page