उत्तराखण्ड
रामनगर में होमस्टे संचालकों की समस्याओं को लेकर टैक्स बार आगे आया, जल्द होगा जागरूकता कार्यक्रम

बैठक में टैक्स बार के अध्यक्ष पूरण चंद्र पाण्डेय और उपसचिव मनु अग्रवाल ने संचालकों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही एक विशेष जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। प्रस्तावित कार्यक्रम का उद्देश्य होमस्टे संचालकों को नियमों के अनुरूप व्यवसाय संचालित करने, आवश्यक लाइसेंस लेने और सरकारी दिशा-निर्देशों की सही जानकारी देने पर रहेगा।
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की पर्यटन तथा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी ताकि संचालक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा कर अपने व्यवसाय को सशक्त कर सकें। सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड शासन से जुड़े अधिकारी, फूड इंस्पेक्टर तथा पर्यटन एवं होमस्टे विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किए जाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि एक ही मंच पर विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारी और समस्याओं के समाधान मिल सकें।
स्थानीय होमस्टे संचालकों का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से व्यवसाय में पारदर्शिता बढ़ेगी और कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समझ बेहतर होगी, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन गतिविधियाँ भी मजबूत होंगी।
इस संबंध में एक बैठक और होमस्टे मालिकों की एक गोष्ठी स्थानीय रिसोर्ट में आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं एवं संचालकों के रूप में प्रबल बंसल, भूपाल रावत, फिरोज अंसारी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, नावेद सैफी और गुलरेज़ रज़ा मौजूद रहे।
