Connect with us

उत्तराखण्ड

6.4 किलोग्राम की विशाल स्तन गांठ का एसटीएच में सफल ऑपरेशन, मेडिकल टीम ने बचाई महिला की जान

 

, 5 जून 2026। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के जनरल सर्जरी विभाग ने एक अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक शाक्य के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने 37 वर्षीय महिला के दाहिने स्तन से 6.4 किलोग्राम वजन की विशाल गांठ को सफलतापूर्वक निकाल दिया।

पिथौरागढ़ जनपद के मूनाकोट ब्लॉक स्थित ग्राम भटेड़ी निवासी पूजा देवी पिछले एक वर्ष से दाहिने स्तन में अत्यधिक बड़ी गांठ की समस्या से जूझ रही थीं। पिथौरागढ़ में उपचार के बाद उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच), हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां विस्तृत जांच में उनका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 4 ग्राम प्रति डेसीलीटर पाया गया, जो गंभीर स्थिति का संकेत था।

डॉ. प्रतीक शाक्य ने बताया कि ऑपरेशन से पूर्व मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी, लेकिन परिवार में कोई रक्तदाता उपलब्ध नहीं था। ऐसे में अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकीय टीम ने समाजसेवियों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं की मदद से 7 यूनिट रक्त की निःशुल्क व्यवस्था कराई। आवश्यक उपचार और रक्त चढ़ाने के बाद मरीज को ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया।

सर्जिकल टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर महिला के दाहिने स्तन से 6.4 किलोग्राम की गांठ निकाल दी। मरीज का संपूर्ण उपचार एवं ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क किया गया।

इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए डॉ. प्रतीक शाक्य ने सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजीव कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। ऑपरेशन में डॉ. चन्द्र प्रताप, डॉ. आकांक्षा गुप्ता और डॉ. काजल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल ने सफल ऑपरेशन पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े।

वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों को उपचार, ऑपरेशन और दवाइयों की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page