उत्तराखण्ड
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का “ऑपरेशन लगाम” जारी, बेलगाम चालकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पवनीत सिंह बिंद्रा

हल्द्वानी ,,डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने बेलगाम वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान रैश ड्राइविंग, ओवरस्पीड, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, काली फिल्म, हूटर एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा गया।
डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं सीपीयू टीमों द्वारा 17 मई से 21 मई 2026 तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रैश ड्राइविंग करने वाले 38 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 7 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। साथ ही 1 लाख 5 हजार 500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 वाहन सीज किए गए तथा 6 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए 3 वाहन सीज किए गए और 2 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। इस मद में 30 हजार 500 रुपये का संयोजन शुल्क जमा कराया गया।
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों को गिरफ्तार किया गया। वहीं गलत अथवा दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले 57 वाहनों तथा बिना नंबर प्लेट संचालित 67 वाहनों के चालान किए गए। अवैध हूटर लगाने वाले एक वाहन चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 1704 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 75 वाहन सीज किए गए, 24 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई तथा कुल 4 लाख 19 हजार रुपये संयोजन शुल्क के रूप में जमा करवाए गए।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा नशे की हालत में वाहन न चलाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करें।
