उत्तराखण्ड
लोक भवन नैनीताल में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच

नैनीताल। लोक भवन, नैनीताल में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान लगभग 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 15 ईसीजी परीक्षण भी किए गए। जांच के उपरांत चिकित्सकों ने आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देते हुए बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सुझाव प्रदान किए।
इस अवसर पर कहा गया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही निरोग, स्वस्थ और सशक्त जीवन का मूल आधार है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाता है।
कार्यक्रम के दौरान बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समर्पित सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
