उत्तराखण्ड
मंडी और शनि बाजार क्षेत्र में चला विशेष स्वच्छता अभियान, 1.5 टन कचरा व 300 किलो प्लास्टिक अपशिष्ट हटाया


अभियान के दौरान शनि बाजार रोड के दोनों ओर स्थित नालियों की विशेष सफाई की गई। नालियों में लंबे समय से जमा कचरे, गाद एवं अन्य अपशिष्ट को हटाकर क्षेत्र को साफ किया गया। इसके अलावा सड़क से लगे खाली प्लॉटों में जमा कूड़े और गंदगी को भी नगर निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाकर साफ किया।
नगर निगम के अनुसार मंगलवार को अभियान के दौरान करीब 1,500 किलोग्राम सामान्य कचरा तथा 300 किलोग्राम प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रित किया गया। सफाई अभियान में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
अभियान में Go Clean Go Green – Let’s Make It Happen NGO के स्वयंसेवकों, बैनी सेना, नगर निगम के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा पार्षदगण ने सहभागिता की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक भी किया गया।
नगर निगम की ओर से कहा गया कि विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में कूड़ा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी तथा सार्वजनिक एवं पर्यावरणीय स्थलों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
अभियान के माध्यम से नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा खुले स्थानों और खाली प्लॉटों में न डालें तथा गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग रखें। साथ ही नालियों में कूड़ा एवं प्लास्टिक न डालने और एकल-उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने का आह्वान किया गया।
नगर निगम ने कहा कि स्वच्छता अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी से ही हल्द्वानी को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाया जा सकता है। विशेष स्वच्छता अभियान आगामी 16 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा।
स्वच्छ हल्द्वानी, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज के साथ स्वच्छ जलस्रोत एवं स्वच्छ नदियों की दिशा में नगर निगम का अभियान जारी है।



