उत्तराखण्ड
गौला खनन क्षेत्र में आरटीओ का बड़ा अभियान, 50 से अधिक वाहनों के चालान, 5 ओवरलोडेड डंपर सीज

में कई दिनों से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन स्वामी अपने वाहनों के दस्तावेज आरटीओ कार्यालय में सरेंडर कराने के बावजूद बिना वैध कागजात के ओवरलोडेड खनन सामग्री का परिवहन कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रेयाल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सख्त प्रवर्तन कार्रवाई शुरू की।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी अरविंद पांडे के नेतृत्व में तीन प्रवर्तन टीमों का गठन कर गौला खनन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि ओवरलोडिंग के दोषी पाए गए 5 डंपर वाहनों को सीज किया गया।
यह कार्रवाई बेरी पड़ाव गेट, अमला गेट, मोटाहल्दू गेट, शहीद गेट और लालकुआं सहित गौला खनन क्षेत्र के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर की गई। अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सांगवान, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कंडपाल तथा उनकी प्रवर्तन टीम ने व्यापक जांच और कार्रवाई की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों के दस्तावेज आरटीओ कार्यालय में सरेंडर हैं, उन्हें किसी भी स्थिति में सड़क पर न चलाएं। यदि वाहन संचालन करना है तो पहले आरटीओ कार्यालय से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार वाहन का संचालन करें।
