Connect with us

उत्तराखण्ड

25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न, लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश

 

ko

पिथौरागढ़। 02 जून। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 25 सूत्रीय कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की अप्रैल 2026 तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान शहरी विकास विभाग की ओर से बताया गया कि स्रोत स्तर पर कूड़ा पृथक्करण अभियान के तहत 96 प्रतिशत से अधिक इकाइयों से कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है, जबकि लगभग 87 प्रतिशत इकाइयों में कूड़े का पृथक्करण सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में पार्किंग विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में संचालित विभिन्न पार्किंग परियोजनाओं में औसत भौतिक प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक है तथा स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष उल्लेखनीय व्यय किया जा चुका है।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में निराश्रित पशुओं के संरक्षण हेतु संचालित कैटल पाउंड व्यवस्था में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही चिन्हित पशुओं को गोशालाओं तक पहुंचाने की प्रगति की भी सराहना की गई।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निर्गमन पर जोर दिया गया।

बैठक में न्यायिक एवं राजस्व वादों के निस्तारण, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, नशा मुक्ति अभियान, राजस्व प्राप्ति तथा प्रवर्तन संबंधी कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-ऑफिस संचालन, सरकारी परिसंपत्तियों के डिजिटलीकरण और डिजिटल इन्वेंटरी निर्माण की प्रगति का भी आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटलीकरण से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page