उत्तराखण्ड
जनसुनवाई में उठीं बिजली, पेयजल और आवारा पशुओं की समस्याएं, एडीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पिथौरागढ़, 08 जून। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई दिवस में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम दिगतोली के ग्रामीणों ने क्षेत्र में वाणिज्यिक विद्युत कनेक्शन एवं लघु उद्योगों के लिए आवश्यक विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि वाणिज्यिक मीटर उपलब्ध न होने से स्वरोजगार और छोटे उद्योगों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एडीएम ने संबंधित विभाग को परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत भड़कटिया के ग्रामीणों ने आवारा मवेशियों और बंदरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण आवारा पशुओं की समस्या बढ़ती जा रही है, जबकि बंदरों के आतंक से भी लोग परेशान हैं। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान भड़कटिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजना में पिछले लगभग एक वर्ष से 25 से 30 परिवारों को जलापूर्ति न होने तथा विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की शिकायत दर्ज कराई। अपर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
शिवालय वार्ड के सरकारी आवासों में अत्यधिक झाड़ियां उगने, नालियों के जर्जर होने और जल निकासी बाधित होने की समस्या भी जनसुनवाई में उठाई गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि झाड़ियों के कारण सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जबकि जलभराव से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इस पर संबंधित विभागों को सफाई एवं मरम्मत कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
