Connect with us

उत्तराखण्ड

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां तेज, नैनीताल में प्रभात फेरी से लेकर बृहद पौधारोपण तक होंगे विविध आयोजन

 

नैनीताल ,,5 अगस्त 2026 । जनपद नैनीताल में स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को जिले भर में देश के वीर शहीदों एवं महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, राज्य आंदोलनकारियों तथा समाज में सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूलों में देशभक्ति गीतों के साथ पेंटिंग, निबंध, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय सहित पूरे जनपद में सुबह 7 बजे प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट मैदान से शुरू होकर तल्लीताल गांधी चौक तक जाएगी। प्रभात फेरी के दौरान स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करेगा, जबकि यातायात व्यवस्था पुलिस विभाग संभालेगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पहले सभी विद्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को और प्रोत्साहन मिल सके।

15 अगस्त को सुबह 9 बजे सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य भवनों में ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला अधिकारी कार्यालय में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

देशभक्ति के माहौल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से लाउडस्पीकरों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 8 अगस्त से 16 अगस्त तक पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों तथा सभी विभागों को अपने-अपने परिसरों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महान विभूतियों की प्रतिमाओं की सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य भी 15 अगस्त से पहले पूरा किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ बृहद पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग एवं उद्यान विभाग को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ध्वजारोहण सहित स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का कड़ाई से पालन करने, प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग न करने तथा कहीं भी राष्ट्रीय ध्वज मिलने पर उसका सम्मानपूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page