Connect with us

उत्तराखण्ड

सितारगंज को नई राह: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास कर विकास की नींव रखी ।

सितारगंज  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज क्षेत्र के शक्तिफार्म को सिडकुल से जोड़ने वाले सिसौना नदी पर 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल से करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सिडकुल सितारगंज व विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुँचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा देगी।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम गढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं का भी उल्लेख किया

शक्तिफार्म में आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई (पीपीपी मॉडल पर)

 

प्रह्लाद पलसिया में 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क (75% कार्य पूर्ण)

 

पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत करना

सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, मोटर मार्ग और मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण

 

इसके अलावा, किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से AIIMS का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, गदरपुर व खटीमा बाईपास, बस अड्डे, खेल स्टेडियम और औद्योगिक परियोजनाओं पर भी तेजी से काम हो रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और पारदर्शी प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।

 

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

*अजय सिंह*

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page