Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 1.85 करोड़ की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लगभग 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 4 जून 2026 को पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय गजब सिंह और 37 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 311 ग्राम और 307 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा राजस्थान नंबर की एक कार बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी आए थे और इसे काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति को सौंपने की योजना थी। इसके बाद वे मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाने वाले थे।

जांच में सामने आया है कि गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं सीताराम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में स्मैक, चरस, गांजा, डोडा और नशीले इंजेक्शनों के खिलाफ दर्जनों कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस ताजा कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।

इस सफल अभियान में काठगोदाम कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन सहित पुलिस और एसओजी के कई जवान शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने पूरी टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page