उत्तराखण्ड
मालधन चौड़ में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर, 407 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ





शिविर का उद्घाटन रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
शिविर में नेत्र, ईएनटी, हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों तथा जनरल ओपीडी के माध्यम से मरीजों की जांच कर विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कोहली एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा जोशी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों से संवाद किया।
शिविर में कुल 407 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ। इस दौरान 225 लोगों की ब्लड प्रेशर, 220 की ब्लड शुगर, 175 की टीबी स्क्रीनिंग, 15 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 25 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 160 की हीमोग्लोबिन जांच, 125 की एलएफटी, 80 की आरएफटी जांच तथा 115 एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 1 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाया गया और 40 लाभार्थियों की आभा आईडी भी तैयार की गई। आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण एवं चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया तथा विभिन्न प्रयोगशाला जांच सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के सफल संचालन में डॉ. कैलाश बृजवाल, डॉ. कविता लोहनी, डॉ. चंद्रशेखर भट्ट, डॉ. के.के. त्रिपाठी, बीपीएम जितेंद्र गुणवंत, बीना बोरा, नीरू ज्वाला, दिवेश तिवारी, श्याम सुंदर बिष्ट, संजय कुमार, पूजा, सपना, रवि, चंपा वर्मा, अमित कुमार त्रिपाठी एवं आईसीसी मैनेजर दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।



