Connect with us

उत्तराखण्ड

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में आ रही समस्याओं को लेकर विधायक सुमित हृदयेश ने सिटी मजिस्ट्रेट से की मुलाकात, प्रपत्रों की कालाबाज़ारी पर सख्त कार्रवाई की मांग

 

हल्द्वानी,, 03 अगस्त 2026। विधायक हल्द्वानी सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट से भेंट कर निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अभियान के दौरान आम नागरिकों के समक्ष आ रही व्यावहारिक समस्याओं, शंकाओं एवं भ्रम की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर नागरिकों के बीच आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा सत्यापन को लेकर अनेक प्रकार की जिज्ञासाएँ और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से आमजन को स्पष्ट एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने का आग्रह किया, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपने आवश्यक कार्य पूर्ण कर सके।

उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट का ध्यान तहसील परिसर में विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी की शिकायतों की ओर भी आकर्षित कराया। विधायक ने कहा कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर प्रपत्र बेच रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई तथा सख्त निगरानी की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा, “लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े किसी भी दस्तावेज़ का दुरुपयोग या उससे अनुचित लाभ कमाने का प्रयास बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। जो लोग आम जनता की मजबूरी का फायदा उठाकर अपनी जेब भरने का प्रयास कर रहे हैं, वे अपनी जेब सिलकर रखें। प्रशासन ऐसे लोगों पर सख्त शिकंजा कसे और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे।”

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम हो तथा किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है और आमजन के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, बीएलए-1 मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, धर्मवीर, गोविन्दी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मोहम्मद गुफ़रान, शैलेन्द्र दानू सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page