उत्तराखण्ड
कैंची धाम मेला: 15 जून को उमड़ेगी बाबा के भक्तों की भीड़, निजी वाहनों पर रोक; प्रशासन ने तय किया किराया

अजय सिंह
भवाली (नैनीताल): हर साल की तरह इस साल भी 15 जून कोबाबा नीब करौरी के प्रसिद्ध कैंची धाम आश्रम में भव्य मेले का आयोजन होने जा रहा है। मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। भीड़ को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए हैं।
आम गाड़ियों के जाने पर रोक
मेले के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने के लिए भवाली से कैंची धाम तक आम (निजी) गाड़ियों के जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन 14 और 15 जून को विशेष बस और टैक्सी (शटल सेवा) चलाएगा।
गाड़ियों का रूट और किराया (एक तरफ का):
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने पहले से ही किराया तय कर दिया है, ताकि कोई उनसे ज्यादा पैसे न वसूल सके:
भवाली और खैरना से कैंची धाम: टैक्सी का किराया ₹50 है।
भीमताल और नैनीताल से कैंची धाम: बस का किराया ₹100 है।
हल्द्वानी और काठगोदाम से कैंची धाम: रोडवेज और अन्य बसों का किराया ₹150 है।
प्रशासन की तैयारी
हल्द्वानी के आरटीओ (RTO) अरविंद पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की मदद के लिए करीब 240 बसें और 250 टैक्सियां लगाई गई हैं। सभी चालकों को अपनी गाड़ी पर किराए का स्टीकर लगाने को कहा गया है। अगर कोई भी गाड़ी वाला यात्रियों से तय किराए से ज्यादा पैसे मांगेगा, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
