उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूँज’ अभियान के तहत छात्रों से किया संवाद, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर उठाई आवाज़

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NEET और JEE अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, निजीकरण तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। सुमित हृदयेश ने कहा कि देश का छात्र केवल परीक्षा ही नहीं, बल्कि भ्रष्ट और असफल व्यवस्था से भी संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भर्ती घोटाले, रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी और शिक्षा के बढ़ते निजीकरण से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पारदर्शी भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
सुमित हृदयेश ने छात्रों से किसी भी परिस्थिति में निराश न होने और आत्महत्या जैसा कदम न उठाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस हर छात्र के साथ खड़ी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि “छात्रों की गूँज” अभियान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उनका कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है। कांग्रेस चाहती है कि प्रत्येक छात्र को निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध हों।
इस अवसर पर हेमन्त बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, प्रदीप, गोविंद बगड़वाल, मधु सांगूड़ी, राधा आर्य, गिरीश पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, कौशलेंद्र भट्ट, स्वाति जोशी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित रहे।
