Connect with us

उत्तराखण्ड

गुरमत कैंप में बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पौधारोपण कर दिया प्रकृति बचाने का संदेश

पवनीत सिंह बिंद्रा 

हल्द्वानी, हल्द्वानी,,07 जून। सिख मिशनरी कॉलेज हल्द्वानी सर्कल द्वारा आयोजित गुरमत कैंप में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को पर्यावरण के महत्व, वृक्षों की उपयोगिता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों ने पौधारोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

कैंप इंचार्ज सुरेंद्र कौर ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बलजीत कौर ने बच्चों को श्री गुरु ग्रंथ साहिब में वर्णित प्रकृति संबंधी शिक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने गुरबाणी के महान संदेश “पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत” का अर्थ समझाते हुए बताया कि सिख धर्म प्रकृति को ईश्वर की अनमोल देन मानता है और उसके संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वायु, जल और धरती के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में बच्चों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई तथा एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने, जल संरक्षण करने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

इसके उपरांत कैंप परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। बच्चों ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार रमनदीप सिंह साहनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सिख मिशनरी कॉलेज द्वारा उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कैंप प्रबंधकों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। गुरमत कैंप के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का यह प्रयास सराहनीय रहा।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page