उत्तराखण्ड
आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमायूँ परिक्षेत्र की कमान, कैंची धाम मेले और महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कुमायूँ परिक्षेत्र, नैनीताल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तथा जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताएं बताया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी कुकरेती ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया।
आईजी कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हु
उन्होंने आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग, अपराध विश्लेषण प्रणाली को मजबूत बनाने तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण और क्षमता विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
मीडिया को जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए आईजी कुकरेती ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी कुकरेती कैंची धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने आगामी मेले और पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन सुविधाओं और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी समन्वय बढ़ाने की अपील की और कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

















