Connect with us

उत्तराखण्ड

बेतालघाट में एचपीवी टीकाकरण अभियान, 20 छात्राओं को लगाया गया जीवनरक्षक टीका

 

नैनीताल, 18 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बेतालघाट में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के दौरान 20 छात्राओं का सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।

कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा अधिकारी बेतालघाट डॉ. निशा शेखर के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर, एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ, सुरक्षा तथा समय पर टीकाकरण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है।

स्वास्थ्य शिक्षा सत्र के बाद सभी पात्र छात्राओं का सुरक्षित टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान एएनएम श्रीमती हर्षी भट्ट एवं श्रीमती गीता पवार ने टीकाकरण, लाभार्थियों की निगरानी तथा AEFI (टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटनाओं) के प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जनपद के अभिभावकों एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव का प्रभावी उपाय है और स्वास्थ्य विभाग इस जनहितकारी अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित कर रहा है।

चिकित्सा अधीक्षक, बेतालघाट डॉ. अभिलाषा पाण्डे ने कहा कि किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक पात्र बालिका तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page