उत्तराखण्ड
भाजपा प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का सम्मान समारोह, 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। अब संगठन शीघ्र ही प्रकोष्ठों को नए दायित्व सौंपते हुए प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देगा। उन्होंने बताया कि मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रकोष्ठों की भूमिका और अधिक प्रभावी बन सके।
मुख्य अतिथि तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनहित व संगठन हित के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने जिले में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की जानकारी भी दी। वहीं मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनु अधिकारी, दिनेश आर्या, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सांस्कृतिक, सहकारिता, खेलकूद, चिकित्सा, व्यापार, विधि, सैनिक एवं शिक्षा प्रकोष्ठ सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में संगठन की आगामी रणनीति, प्रकोष्ठों की भूमिका तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


