Connect with us

उत्तराखण्ड

हिन्दी पत्रकारिता की 200 साल की यात्रा पर राज्यपाल गुरमीत सिंह का संदेश – “सत्ता से प्रश्न पूछना ही लोकतंत्र की चेतना,,

पवनीत सिंह बिंद्रा

”देहरादून/हरिद्वार, 04 फरवरी 2026:
उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को हरिद्वार में प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘‘हिन्दी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह’’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए हिन्दी पत्रकारिता के ऐतिहासिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक योगदान पर अपने विचार रखे।

राज्यपाल ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता का 200 वर्ष तक निरंतर सक्रिय रहना उसकी गहराई, प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन से आरंभ हुई हिन्दी पत्रकारिता की यात्रा को राष्ट्र चेतना के जागरण का माध्यम बताया और कहा कि हिन्दी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारत की भावनाओं, संस्कृति और आत्मा की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता सत्य, विवेक और मूल्यों के साथ सत्ता से प्रश्न पूछती है और जनहित को केंद्र में रखती है, जो लोकतंत्र की वास्तविक चेतना है। उन्होंने स्वतंत्रता को केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सभ्यता के पुनर्जागरण और नवभारत के निर्माण का संकल्प बताया और इस संकल्प को आगे बढ़ाने में हिन्दी पत्रकारिता की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल ने डिजिटल युग में मीडिया के तेजी से बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म अपरिवर्तित रहना चाहिए। उन्होंने हिन्दी पत्रकारिता को समाज के वंचित वर्गों की आवाज, नारी सम्मान की संवाहक और सामाजिक सुधार की अग्रदूत बताया।

हरिद्वार को भारत की चेतना का केंद्र बताते हुए राज्यपाल ने 2025 में करोड़ों पर्यटकों के आगमन का उल्लेख करते हुए पत्रकारों से अपनी लेखनी के माध्यम से सकारात्मक और राष्ट्रनिर्माण का संदेश पहुँचाने तथा शहर की सफाई व्यवस्था के लिए जन जागरण फैलाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र पुनर्निर्माण के प्रति अपने दायित्व को संकल्प के रूप में स्वीकार करें और भारत को 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाने की दिशा में अपनी भूमिका निभाएं।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पीटीआई संपादक श्री निर्मल पाठक ने ‘‘आजादी के बाद राष्ट्र पुनः निर्माण में हिन्दी पत्रकारिता’’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, मुख्य संयोजक सुनील पाण्डेय, संयोजक संजय आर्य, डॉ. प्रदीप जोशी, कोष सचिव काशीराम सैनी, सांस्कृतिक सचिव आशु शर्मा, महामंत्री दीपक मिश्रा सहित संयोजक समिति के सदस्यगण और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ,,

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page