Connect with us

उत्तराखण्ड

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नंदा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, सरमोली के सामुदायिक पर्यटन मॉडल की सराहना

 

पिथौरागढ़ उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अपने दो दिवसीय मुनस्यारी दौरे के दौरान प्रसिद्ध नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियों का अवलोकन किया तथा मंदिर परिसर और आसपास की पर्यटन सुविधाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी।

राज्यपाल को प्रशासन द्वारा मुनस्यारी क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों मिलम, खलिया टॉप, बिर्थी और पंचाचूली क्षेत्र सहित अन्य पर्यटन परियोजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।

भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और विपणन संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों का संरक्षण और प्रभावी विपणन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्थानीय पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए महिलाओं की आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

इसके बाद राज्यपाल ने वर्ष 2023 में ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का सम्मान प्राप्त कर चुके सरमोली ग्राम पंचायत का भ्रमण किया। उन्होंने सरमोली के सामुदायिक पर्यटन एवं होमस्टे मॉडल को स्थानीय सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और सतत पर्यटन विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन को आजीविका और पर्यावरण संरक्षण से प्रभावी रूप से जोड़ा गया है।

राज्यपाल ने कहा कि सरमोली मॉडल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है तथा यह अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ग्रामवासियों, महिला समूहों और होमस्टे संचालकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुनस्यारी नगर क्षेत्र में लगभग 120 होमस्टे, 32 होटल, एक दर्जन से अधिक लॉज, तीन गेस्ट हाउस तथा 50 से अधिक टेंट पर्यटकों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि मुनस्यारी में पर्यटन, संस्कृति, प्रकृति और स्थानीय आजीविकाओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है, जो क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page