Connect with us

उत्तराखण्ड

चूनाखान में 15 अगस्त से होगा पांचवां स्वतंत्रता दिवस टेनिस कप-2026

 

8 अगस्त। जिला टेनिस एसोसिएशन (डीटीए), नैनीताल की ओर से पांचवीं स्वतंत्रता दिवस टेनिस कप-2026 का आयोजन 15 अगस्त को ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी, चूनाखान में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए 16 अगस्त को रिजर्व डे रखा गया है। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर डीटीए पदाधिकारियों और ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी के निदेशक डीएस रावत के बीच हुई बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

डीटीए नैनीताल के सचिव हेम कुमार पांडेय ने बताया कि यह एक दिवसीय टीम टेनिस चैंपियनशिप होगी, जिसमें कुल आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। इनमें नैनीताल सिटी येलो, नैनीताल सिटी ग्रीन, रामनगर, रुद्रपुर ए, रुद्रपुर बी, चूनाखान, हल्द्वानी रेड और हल्द्वानी ब्लू सहित आमंत्रित टीमें शामिल हैं। प्रत्येक टीम में अधिकतम छह खिलाड़ी और तीन डबल्स जोड़ियां होंगी।

प्रतियोगिता में टीमों को दो समूहों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक समूह में चार-चार टीमें रहेंगी। सभी टीमों को प्रतियोगिता शुरू होने से पांच दिन पूर्व अपनी तीनों डबल्स जोड़ियों के नाम आयोजकों को उपलब्ध कराने होंगे। फाइनल में पहुंचने के बाद ही टीमों को अपनी तीनों जोड़ियों में आपसी बदलाव की अनुमति होगी।

टूर्नामेंट के सभी मुकाबले सिंगल सेट के प्रारूप में खेले जाएंगे, जिसमें सात गेम जीतने वाली टीम विजेता होगी। प्रत्येक गेम में थ्री-पॉइंट ड्यूस तथा सात अंकों का टाई-ब्रेक लागू रहेगा। इसके साथ ही स्थानीय बिगिनर्स खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिंगल्स प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

डीटीए पदाधिकारियों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य नैनीताल और कुमाऊं क्षेत्र में टेनिस खेल को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और नए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक टेनिस की मुख्यधारा से जोड़ना है। विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सभी खिलाड़ियों के लिए पेयजल, नाश्ता, लेमोनेड, दोपहर का भोजन और हाई-टी की व्यवस्था भी की जाएगी।

डीटीए ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जिनका नाम उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून की वेबसाइट पर पंजीकृत होगा। जिन खिलाड़ियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे वेबसाइट पर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण से संबंधित किसी भी समस्या के लिए डीटीए नैनीताल से संपर्क किया जा सकता है।

ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी के निदेशक डीएस रावत ने बताया कि एकेडमी में सितंबर माह में आईटा अंडर-14 टूर्नामेंट तथा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में वर्ल्ड टेनिस टूर्नामेंट आईटीएफ एमटी200 (सीनियर्स) का आयोजन भी प्रस्तावित है। इन प्रतियोगिताओं के लिए पूर्व में ही स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

डीटीए नैनीताल के कोषाध्यक्ष रजत कुमार सती ने स्थानीय खिलाड़ियों से इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल स्तर में सुधार का बेहतर अवसर मिलता है।

डीटीए के अनुसार इंडिपेंडेंस कप-2026 के टूर्नामेंट डायरेक्टर केपीसीएल के निदेशक विवेक अग्रवाल होंगे, जबकि चीफ रेफरी की जिम्मेदारी ललित मोहन जोशी संभालेंगे। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी विवाद की स्थिति में ज्यूरी का निर्णय अंतिम एवं सभी टीमों और खिलाड़ियों के लिए मान्य होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page