Connect with us

उत्तराखण्ड

यूओयू में नामांकन बढ़ाने और अध्ययन केंद्रों को सशक्त बनाने पर जोर, नए सत्र में 50 प्रतिशत छात्र संख्या वृद्धि का लक्ष्य

 

हल्द्वानी,

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में मंगलवार को कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में परीक्षा व्यवस्था, अध्ययन केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, छात्र हितों तथा आगामी प्रवेश सत्र में नामांकन वृद्धि को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. गिरिजा पांडेय, अतिरिक्त निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी, सहायक कुलसचिव श्रीमती रत्ती डोगरा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी पी.एस. परिहार सहित विभिन्न अध्ययन केंद्रों के समन्वयक, सहायक समन्वयक, क्षेत्रीय निदेशक एवं सहायक क्षेत्रीय निदेशक उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. लोहनी ने सभी अध्ययन केंद्रों को आगामी प्रवेश सत्र में पिछले वर्ष की तुलना में कम से कम 50 प्रतिशत अधिक विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसके लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की पहुंच दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक सुनिश्चित करने में अध्ययन केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में परीक्षा नियंत्रक को निर्देश दिए गए कि जिन अध्ययन केंद्रों में परीक्षा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, वे अपने निकटवर्ती परीक्षा केंद्रों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएं। साथ ही परीक्षा संबंधी सभी देयकों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को फीस प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन पत्रों के सत्यापन हेतु हल्द्वानी आने में होने वाली कठिनाइयों पर भी चर्चा की गई। इस समस्या के समाधान के लिए समाज कल्याण विभाग से जिला स्तर पर ही सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में नए अध्ययन केंद्रों को तत्काल ओवरहेड राशि उपलब्ध कराने तथा पिछले दो वर्षों में स्थापित अध्ययन केंद्रों को प्रचार-प्रसार के लिए अग्रिम धनराशि देने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत अध्ययन केंद्र स्थानीय स्तर पर पंपलेट, फ्लेक्स और बैनर आदि के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर छात्र संख्या में वृद्धि कर सकेंगे।

इसके अतिरिक्त जिन अध्ययन केंद्रों में अभी तक पुस्तक मेले आयोजित नहीं हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पुस्तक मेलों का आयोजन कर विश्वविद्यालय की योजनाओं एवं पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का लक्ष्य उच्च शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सभी अध्ययन केंद्रों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page