उत्तराखण्ड
सातशीलिंग-थल मोटर मार्ग की बदहाली पर डीएम सख्त, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

पिथौरागढ़, 04 जून 2026। सातशीलिंग-थल मोटर मार्ग की खराब स्थिति और निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण और सुधार कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सातशीलिंग-थल मोटर मार्ग क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसकी खराब स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जाए। पर्याप्त मशीनरी, श्रमिकों और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
डीएम ने मार्ग पर आवश्यक चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाने तथा निर्माण कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। आगामी मानसून को देखते हुए सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी खुशबू पांडे को नियमित स्थलीय निरीक्षण और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक विलंब, शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता डी. एस. हयाँकी (ऑनलाइन), अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह हयाँकी, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
