उत्तराखण्ड
पांच सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई न होने पर 20 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

बुधवार को यातायात नगर स्थित महासंघ कार्यालय में आयोजित आपातकालीन बैठक में परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार और शासन से पांच सूत्रीय मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की गई।
इससे पहले महासंघ के एक शिष्टमंडल ने संभागीय परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर वाहन स्वामियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न को तत्काल रोकने तथा समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। महासंघ का कहना है कि लंबे समय से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है, जिससे हजारों वाहन स्वामियों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 20 अगस्त से प्रदेशभर के ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली सभी परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक में महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी, राजकुमार सिंह नेगी, विक्रम बिष्ट, ललित पाठक, डब्बू तिवारी, ललित मोहन शर्मा, प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा, दयाकिशन शर्मा, भगवान सिंह मेहरा, वीरेंद्र बिष्ट, जय उप्रेती, हरीश जोशी, ट्रांसपोर्टर नेता उमेश चंद पांडे सहित बड़ी संख्या में वाहन स्वामी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



