उत्तराखण्ड
देहरादून-मसूरी के संतुलित विकास को मिलेगी नई गति, एमडीडीए बोर्ड बैठक में 25 अहम प्रस्तावों को मंजूरी



बैठक में लैण्ड पूलिंग, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल एवं रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में नियोजित विकास, निवेश को बढ़ावा और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर (परगना पछवादून) स्थित एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की गई। इसके साथ ही 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या का अनुमोदन करते हुए सभी स्वीकृत प्रस्तावों के समयबद्ध एवं नियमसम्मत क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त पर्यटन एवं निवेश को प्रोत्साहित करने वाली विभिन्न परियोजनाओं की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा भी की गई। बैठक में संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित प्राधिकरण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



