Connect with us

उत्तराखण्ड

परमात्मा की प्रकृति का संरक्षण सबका कर्तव्य: संत निरंकारी मिशन

 

नैनीताल, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा नैनीताल में विशाल स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को सचेत करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, अधिशासी अधिकारी रोहतास शर्मा तथा दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण चाहे बाहरी वातावरण में हो या मनुष्य के भीतर, दोनों ही मानव जीवन और प्रकृति के लिए हानिकारक हैं।

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आदेशानुसार आयोजित इस अभियान में मिशन के हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नैनीताल फ्लैट मैदान, तल्लीताल, मल्लीताल, नैना देवी मंदिर, स्नो व्यू प्वाइंट, सूखाताल एवं राजभवन मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने संयुक्त राष्ट्र की इस वर्ष की थीम ‘बीट प्लास्टिक पोल्यूशन’ पर आधारित नुक्कड़ नाटिकाओं की प्रस्तुति दी तथा तख्तियों और बैनरों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि मिशन वर्ष 2014 से संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की थीम के अनुरूप विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष देशभर के 18 प्रमुख पर्वतीय एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि मिशन ‘अमृत प्रोजेक्ट’, ‘वननेस वन’ वृक्षारोपण अभियान, जल निकायों के संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, महिला सशक्तिकरण और युवा मार्गदर्शन जैसी अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से मानवता की सेवा में निरंतर योगदान दे रहा है।

कार्यक्रम का समापन निरंकार प्रभु की प्रार्थना एवं पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page