उत्तराखण्ड
युवाओं को खेलों से जोड़ना मेरी प्राथमिकता, खेल विश्वविद्यालय में अगस्त से शुरू होंगे प्रवेश : मोहन पाठक

मोहन पाठक ने बताया कि प्रदेश में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय का कार्य तेजी से चल रहा है और अगस्त माह से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों में रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और भविष्य के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में खेल किट उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों तक पहुंचकर खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। उनका कहना था कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है।
मोहन पाठक ने कहा कि हल्द्वानी खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है और यहां के खेल मैदानों को और बेहतर सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल खेल सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि युवाओं में खेल संस्कृति को विकसित करना भी है। “जितना बेहतर मैं कर सकता हूं, उतना प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए करूंगा,” उन्होंने कहा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग और खिलाड़ियों के उत्साह से उत्तराखंड आने वाले समय में खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
