Connect with us

उत्तराखण्ड

सेंट थेरेसा स्कूल में बाल अधिकार संरक्षण पर कार्यशाला, आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 

सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम में बुधवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल अधिकार संरक्षण एवं जागरूकता विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों, विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक कुमाऊँनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यशाला में आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा उनके समग्र विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का औचक निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक और नैतिक विकास के लिए अभिभावकों तथा विद्यालय के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

श्री रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता, प्रभावी कानून व्यवस्था तथा विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशामुक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाए।

कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों एवं बाल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। जिला प्रोबेशन विभाग की अधिकारी पल्लवी तिवारी, चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक किरण पंत तथा बीना राणा ने भी बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, जिला प्रोबेशन विभाग की अधिकारी पल्लवी तिवारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक किरण पंत, परिवहन विभाग के आरआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं श्रीमती ललिता साह एवं नीतू काराकोटी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फादर राजेश, स्कूल मैनेजर फादर डेरिक, कार्यक्रम संयोजक एवं पीटीआई इंद्र कार्की, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page