Connect with us

उत्तराखण्ड

रात्रि चेकिंग में 1,062 वाहनों के चालान, 117 वाहन सीज

हल्द्वानी, 22 अगस्त। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में व्यापक रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। सचिव एवं आयुक्त परिवहन उत्तराखंड, देहरादून रविनाथ रमन के निर्देश पर 20 और 21 अगस्त को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों में चलाए गए विशेष अभियान में कुल 1,062 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 117 वाहनों को सीज किया गया।

आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान में परिवहन विभाग की विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने रात के समय नियमों का उल्लंघन करने वाले मालवाहकों और अन्य वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

ओवरलोडिंग और खतरनाक परिवहन पर कार्रवाई

अभियान के दौरान क्षमता से अधिक भार ले जाने वाले 98 ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, वाहन की बॉडी से बाहर निकले सरिया और लोहे के पाइप खतरनाक ढंग से ले जाने वाले 28 वाहनों का चालान किया गया। निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई और चौड़ाई में माल ले जाने वाले 57 ओवरसाइज एवं ओवरहाइट वाहनों पर भी कार्रवाई हुई।

नशे में वाहन चलाने के मामलों को लेकर भी परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई। ड्रंकन ड्राइविंग के 14 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा मानक के विपरीत हाई बीम अथवा अनधिकृत लाइटों का इस्तेमाल करने वाले 33 वाहनों तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगाने वाले 64 वाहनों के चालान किए गए।

गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 37 वाहन चालकों और मालवाहकों में अवैध रूप से यात्रियों को ले जाने वाले 13 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों समेत अन्य नियमों के उल्लंघन में 981 चालान किए गए।

ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक कार्रवाई

जनपदवार कार्रवाई में ऊधमसिंह नगर सबसे आगे रहा। रुद्रपुर उपसंभाग में 343 चालान और 53 वाहन सीज, जबकि काशीपुर उपसंभाग में 323 चालान और 28 वाहन सीज किए गए। दोनों उपसंभागों में कुल 666 चालान और 78 वाहन सीज हुए।

नैनीताल जनपद में हल्द्वानी उपसंभाग द्वारा 152 चालान और 13 वाहन सीज, जबकि रामनगर प्रवर्तन दल ने 92 चालान और 10 वाहन सीज किए। इस तरह जिले में कुल 244 चालान और 23 वाहन सीज किए गए।

चम्पावत के टनकपुर उपसंभाग में 152 वाहनों के चालान किए गए और 13 वाहन सीज किए गए।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन काशीपुर संदीप वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन रुद्रपुर नवीन सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रामनगर पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रवर्तन टनकपुर मनोज बगोरिया और एआरटीओ प्रवर्तन हल्द्वानी विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में संबंधित टीमों ने कार्रवाई की। संभाग के परिवहन कर अधिकारी एवं परिवहन उपनिरीक्षक भी अभियान में शामिल रहे।

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अरविंद पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन और परिवहन विभाग की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रात के समय ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा वाहनों से बाहर निकले सरिया-पाइप के कारण गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और यह विशेष रात्रि चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर संचालित किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page