उत्तराखण्ड
नैनीताल पुलिस में पदोन्नति का जश्न: अमित कुमार सैनी बने अपर पुलिस अधीक्षक, सुनील बिष्ट को मिला इंस्पेक्टर पद

समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर नए पद के अलंकार एवं सितारे सजाकर उन्हें पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए दायित्वों के साथ दोनों अधिकारी और अधिक समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे।
अमित कुमार सैनी का रहा उत्कृष्ट सेवाकाल
वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी अमित कुमार सैनी का सेवाकाल उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने ऊधम सिंह नगर में सीओ रुद्रपुर, पंतनगर और काशीपुर, जबकि चमोली जनपद में सीओ कर्णप्रयाग और चमोली के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद नैनीताल जिले में भवाली, लालकुआं, रामनगर और वर्तमान में हल्द्वानी जैसे महत्वपूर्ण सर्किलों की जिम्मेदारी संभालते हुए कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन में अहम भूमिका निभाई। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार सराहनीय सेवा सम्मान पदक/चिन्ह से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सुनील बिष्ट बने निरीक्षक
उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए सुनील बिष्ट ने ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और नैनीताल जनपद के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और कुशल कार्यप्रणाली का परिचय दिया है। उनकी पदोन्नति को पुलिस विभाग में उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान माना जा रहा है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं
पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित इस समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ (यूटी) अंकित थपलियाल, सीओ (यूटी) विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।
