उत्तराखण्ड
शिक्षा मंत्री से मिले कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भीमताल क्षेत्र की शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत एवं भूगोल विषयों की पढ़ाई संचालित नहीं हो रही है। साथ ही एम.ए. की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है या वे उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में प्राचार्य का पद भी लंबे समय से रिक्त है, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के भवन निर्माण का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि भवन के अभाव में छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त मंत्री कैड़ा ने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, हाईस्कूलों एवं इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां किए जाने की मांग भी रखी।
उन्होंने शिक्षा मंत्री से राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत एवं भूगोल विषय प्रारंभ करने, एम.ए. की कक्षाएं संचालित करने, प्राचार्य की नियुक्ति करने, रामगढ़ महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने तथा क्षेत्र के विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों को जल्द भरने का अनुरोध किया।


