उत्तराखण्ड
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाबालिग पीड़िता के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की पीड़ित परिवार को दिलाई जाएगी आर्थिक सहायता: भावना मेहरा,,
भवाली। नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़िता और उसके परिवार की पुख्ता सुरक्षा की मांग की।निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने साफ कहा कि पीड़िता नाबालिग है और साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है। माता-पिता की कमजोर सामाजिक पृष्ठभूमि का फायदा उठाकर कुछ अवांछित तत्व उन पर नाजायज दबाव बना सकते हैं। इसलिए पीड़ित परिवार की सुरक्षा अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी और भाजपा परिवार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने पुलिस से क्षेत्र में तत्काल सघन सत्यापन अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाहरी तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं पर पूर्ण रोक लग सके।अधिवक्ता व भाजपा नेता शिवांशु जोशी ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की, जिससे दोषियों को शीघ्र सजा मिले। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने और मामले में एससी-एसटी धारा जोड़ने की बात कही।भाजपा नेता आशुतोष चंदोला ने दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज हो चुका है। पीड़िता और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही, विभिन्न टीमों के माध्यम से क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान शुरू कर दिया गया है।




























