Connect with us

उत्तराखण्ड

आरटीओ हल्द्वानी के बाहर संचालित अवैध सीएससी केंद्रों पर कार्रवाई की संस्तुति, एआरटीओ ने डीएम-एसएसपी को भेजा पत्र

हल्द्वानी। सम्भागीय परिवहन कार्यालय, हल्द्वानी के मुख्य द्वार एवं आसपास संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हल्द्वानी बिपिन कुमार सिंह ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को पत्र भेजकर बिना मान्यता संचालित हो रहे सीएससी केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है।

पत्र में बताया गया है कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ सीएससी केंद्र परिवहन संबंधी कार्यों के लिए आने वाले आवेदकों से शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ प्रशासन द्वारा 21 मई 2026 को कार्यालय के निकट संचालित सीएससी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे केवल शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लें तथा शुल्क सूची एवं फ्लेक्स अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। जांच में यह भी सामने आया कि कई केंद्र बिना सक्षम प्राधिकारी की वैध मान्यता एवं अनुमोदन के संचालित हो रहे हैं, जो शासनादेशों के प्रतिकूल है।

विभाग द्वारा जिन केंद्रों को बिना मान्यता संचालित पाया गया, उनमें महालक्ष्मी ऑनलाइन सर्विस सेंटर, रावत ऑनलाइन सर्विस, गोल्जू ऑनलाइन सर्विस, अजय ऑनलाइन सेवा केंद्र एवं भट्ट ऑनलाइन सर्विस शामिल हैं।

एआरटीओ बिपिन कुमार सिंह ने पत्र में अनुरोध किया है कि बिना मान्यता संचालित एवं अधिक शुल्क वसूलने वाले सीएससी केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी नैनीताल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल तथा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी को भी प्रेषित की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page