उत्तराखण्ड
ओखलकांडा में कृषि विभाग का कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत, तीन घायल


जानकारी के अनुसार ग्राम सभा ओखलकांडा मल्ला में कृषि विभाग का कैंटर वाहन संख्या UK04CB-1819 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कैंटर चालक कमल जोशी (25) पुत्र हरीश जोशी, निवासी मानाघेर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं वाहन में सवार सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता (59) पुत्र हरक सिंह, पंकज सिंह (27) पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी धानाचुली तथा रोहित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी पस्या घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली।
मंत्री कैड़ा ने चिकित्सकों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को उचित एवं बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से भी वार्ता कर घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हादसे में मृत चालक कमल जोशी के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता की। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों तथा दुर्घटना में घायल लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की इस दुखद घड़ी में वह मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



