उत्तराखण्ड
मालधनचौड़ में 13 छात्राओं को लगाया गया एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किया जागरूक

कार्यक्रम में छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, इससे होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को टीकाकरण के लाभ, आवश्यक सावधानियों और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर कुल 13 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। छात्राओं एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण एवं जागरूकता के माध्यम से इस गंभीर बीमारी की रोकथाम प्रभावी रूप से की जा सकती है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यालयों से पात्र बालिकाओं के टीकाकरण में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सतीश कुमार एवं शिक्षकगण के सहयोग से किया गया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधनचौड़ से फार्मेसी अधिकारी श्री संजय कुमार, नर्सिंग अधिकारी विनीता तिवारी, एएनएम मंजू बिष्ट एवं मंजुला थापा, आशा फेसिलिटेटर गीता रानी तथा अप्रेंटिस फार्मासिस्ट कनिष्का एवं गुरु नाम सिंह उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



