उत्तराखण्ड
हरियाली संग सेवा-समर्पण की सौम्य अभिव्यक्ति बना ‘वननेस वन’ अभियान



हल्दूचौड़ के नगर वन क्षेत्र में निरंकारी मिशन ने रोपे 1200 पौधे
हल्दूचौड़, 23 अगस्त। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर संचालित ‘वननेस वन’ परियोजना के सातवें चरण के तहत रविवार को हल्दूचौड़ के नगर वन क्षेत्र लालकुआं में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में मिशन के सेवादारों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 1200 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
रविवार सुबह 6 से 9 बजे तक चले अभियान का आयोजन संत निरंकारी मिशन की हल्दूचौड़-हल्द्वानी शाखा की ओर से शाखा प्रमुख प्रताप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि डिप्टी रेंजर धर्मेन्द्र मेहरा तथा ग्राम प्रधान रुक्मिणी नेगी की मौजूदगी में पौधरोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हराभरा बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
संत निरंकारी मिशन के अनुसार, सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में वर्ष 2021 में शुरू हुई ‘वननेस वन’ परियोजना केवल पौधरोपण तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के साथ संतुलन, सह-अस्तित्व और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि मानव प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसका अभिन्न अंग है। ऐसे में प्रकृति का संरक्षण वास्तव में मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का संरक्षण है।
हल्दूचौड़ में आयोजित कार्यक्रम में सेवादारों और श्रद्धालुओं ने श्रमदान करते हुए पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ संपन्न हुआ।

















