Connect with us

उत्तराखण्ड

स्व. गिरिजा शंकर जोशी का असमय जाना हम सभी के लिए बड़ी क्षति : मुख्यमंत्री धामी

मीडिया सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दूरभाष से जुड़े मुख्यमंत्री, पत्रकारों ने नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने का रखा प्रस्ताव

हल्द्वानी, 14 सितंबर 2026। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दूरभाष के माध्यम से शोक सभा से जुड़े और दिवंगत जोशी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गिरिजा शंकर जोशी को इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा, “गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने कार्यों, व्यवहार और सेवाभाव से उन्होंने जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरणीय रहेगी।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाली पीढ़ियों तक यादगार बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए, ताकि उनकी सेवाओं और स्मृतियों को स्थायी रूप से सम्मान दिया जा सके।

पत्रकारों के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी की यादों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से विचार-विमर्श किया जाएगा तथा सभी की सहमति से आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page