उत्तराखण्ड
स्विट्जरलैंड की डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में बनीं विजिटिंग प्रोफेसर

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय की इंटरनेशनल रिलेशन्स यूनिट की ओर से संचालित विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप के तहत स्विट्जरलैंड की स्विस डिस्टेंस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) की विशेषज्ञ डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान का विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में चयन किया गया है। वह 16 से 29 नवम्बर 2026 तक विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रवास पर रहेंगी।
अपने प्रवास के दौरान डॉ. म्कर्तच्यान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेंगी। वह 18 नवम्बर को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। उनके इस प्रवास को विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभवों के आदान-प्रदान और आधुनिक शिक्षण तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
प्रवास के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को पाठ्यक्रम में शामिल करने, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा संयुक्त शोध की संभावनाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएं और शैक्षणिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही डॉ. म्कर्तच्यान विश्वविद्यालय की विभिन्न विद्याशाखाओं के शिक्षकों के साथ बैठक कर शोध, नवाचार और अकादमिक सहयोग के नए अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगी।
डॉ. म्कर्तच्यान विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्रों, शिक्षार्थी सहायता केंद्रों, सामुदायिक रेडियो स्टेशन, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रोडक्शन सेंटर सहित विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का भी अवलोकन करेंगी। इस दौरान उन्हें उत्तराखण्ड की स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक परिवेश को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग विश्वविद्यालय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों और शिक्षार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रचलित शिक्षण पद्धतियों, शोध अनुभवों और आधुनिक तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. म्कर्तच्यान का यह शैक्षणिक प्रवास दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शोध, शैक्षणिक नवाचार और भविष्य में दीर्घकालिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगा।
इंटरनेशनल रिलेशन्स यूनिट के प्रभारी प्रो. जीतेन्द्र पाण्डे ने बताया कि इस फेलोशिप का मुख्य उद्देश्य विदेशी विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों को भारतीय शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ना, ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा शिक्षण, शोध और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान विभिन्न विद्याशाखाओं के साथ बैठकें आयोजित कर संयुक्त शोध और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान का यह प्रवास उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय को वैश्विक शैक्षणिक मंच से जोड़ने, डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षा के नए आयाम विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।







