उत्तराखण्ड
सेवा से संकल्प और संकल्प से राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्ष, हल्द्वानी में गूंजा प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा का संदेश








हल्द्वानी, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को हल्द्वानी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क, ठंडी सड़क में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा सेवा, सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्ष की सेवा के बाद मई 2014 से वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर राष्ट्रसेवा कर रहे हैं।
सांसद भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति मिली है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया है। गुजरात से शुरू हुई विकास यात्रा आज विकसित भारत के संकल्प तक पहुंच चुकी है और इसका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाना है।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का भाव पैदा किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मशाल के साथ निकली सेवा ज्योति रथ यात्रा
जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम के बाद मशाल जुलूस के साथ सेवा ज्योति रथ यात्रा निकाली गई। सांसद अजय भट्ट एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने रथ यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शहीद चौक, ठंडी सड़क से प्रारंभ होकर नगर निगम स्थित सेवा ज्योति पार्क तक पहुंची।
मशाल सेवा ज्योति यात्रा में अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पांडे और राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने भी प्रतिभाग किया। यात्रा के दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
अब ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ के नाम से जाना जाएगा नगर निगम पार्क
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने घोषणा की कि नगर निगम के संबंधित पार्क का नाम परिवर्तित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प की स्मृति से जुड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जामंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रणदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत, नीरज बिष्ट, सुरेश पांडे, ममता पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, बीडीओ तनवीर असगर समेत अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति, बच्चे, नागरिक और गणमान्य लोग शामिल हुए।





















