Connect with us

उत्तराखण्ड

सेवा संकल्प अभियान बना जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त मंच

रामनगर शिविर में 24 विभागों ने एक मंच पर पहुंचकर सुनीं जनसमस्याएं, 190 शिकायतों में 98 का मौके पर निस्तारण

रामनगर/नैनीताल, 8 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 24 विभागों ने एक ही परिसर में अपने स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर का शुभारंभ उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने दर्जा राज्य मंत्री एवं शिविर में उपस्थित उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर किया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आमजन सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं की जटिलताओं से हमेशा परिचित नहीं होता। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि लोगों की समस्याओं को सरलता और सहानुभूति के साथ सुनते हुए नियमानुसार समाधान करें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

190 शिकायतें दर्ज, 98 का मौके पर समाधान

शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कुल 190 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 98 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में 100 बेड और चिकित्सकों की तैनाती की मांग को लेकर मदन मोहन अग्रवाल, देवभूमि व्यापार मंडल ने समस्या रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल की लंबित समस्याओं का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

छोई निवासी देव बिष्ट ने क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने एवं बनाने की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को संबंधित क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

योगेश सती ने नजूल भूखंड को फ्रीहोल्ड कराने, जबकि आशुतोष गोयल ने खतौनी में सही नाम दर्ज कराने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

सभासद अनिल कुमार अग्रवाल ने मुख्य बाजार में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात की समस्या उठाई। इस पर पुलिस क्षेत्राधिकारी को बाजार में नियमित अभियान चलाकर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल की कमियों को दूर करने और चिकित्सकों की तैनाती के संबंध में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

पम्पापुरी निवासी सादर सिंह गुसाईं ने जंगल से सटे क्षेत्र में सड़क के किनारे पत्थरों की दीवार एवं तारबाड़ से जुड़ी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सभासद दिव्या राणा ने वार्ड संख्या 18 में नए विद्युत पोल, विद्युत तार, थ्री-फेज लाइन के विस्तार और पोल शिफ्टिंग की मांग रखी। अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भूपेंद्र सिंह कुंवर ने तेलीपुरा रोड पर सड़क किनारे खड़े खराब एवं निष्प्रयोज्य वाहनों को हटाने की मांग रखी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस क्षेत्राधिकारी को निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गंगोत्री विहार कॉलोनी कानिया की समस्या रखते हुए समिति अध्यक्ष गोविंद लाल शाह ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को सड़क का निर्माण शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा।

क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसी जलाल ने दयारामपुर टांडा क्षेत्र की दोनों ग्राम सभाओं में डीएमएफ मद से 50 सोलर लाइट लगाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ

शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत कुक्कुट एवं दुधारू पशुपालन के लिए चार लाभार्थियों को कुल 5 लाख 10 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा एक ट्राईसाइकिल, दो व्हीलचेयर एवं चार श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता संदेश दिया। नाथूपुर-छोई और चुकुम गांव के ग्राम प्रधानों को अभियान में सहयोग के लिए महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।

24 विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि, विद्युत, श्रम, उरेडा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता सहित 24 विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर आवेदन स्वीकार किए और विभिन्न समस्याओं का समाधान किया।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना, जिला परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक समाज कल्याण अधिकारी जसविंदर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के सभी आठ विकासखंडों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का अगला शिविर 9 अक्टूबर को धारी ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page