उत्तराखण्ड
सीएमओ के निर्देश पर ज्योलिकोट में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी


स्वास्थ्य शिविरों में 133 लोगों की जांच, पीएचसी ज्योलिकोट में 61 का परीक्षण; 4 मरीज भर्ती
नैनीताल, 16 सितंबर 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर ज्योलिकोट एवं जलजनित रोगों से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी हैं। बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 133 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं वितरित की गईं। शिविरों में लोगों को ओआरएस एवं जिंक उपलब्ध कराने के साथ जलजनित रोगों से बचाव और उपचार के संबंध में जानकारी भी दी गई।
पीएचसी ज्योलिकोट में 61 लोगों की जांच, 4 मरीज भर्ती
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में कुल 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें गंभीर लक्षण पाए जाने पर 4 मरीजों को आवश्यक उपचार के लिए भर्ती किया गया। स्वास्थ्य जांच के दौरान 48 ब्लड सैंपल भी लिए गए, जिन्हें आवश्यक जांच के लिए भेजा गया है।
सचल चिकित्सा वाहन से गांवों में पहुंच रही स्वास्थ्य टीम
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं एवं निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से भी लगातार स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण किया जा रहा है। बुधवार को सचल चिकित्सा वाहन नैना गांव और मनोरा गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
घर लौटे मरीजों की भी हो रही काउंसलिंग
अस्पतालों से उपचार के बाद घर लौटे मरीजों के स्वास्थ्य की भी विभागीय टीमों द्वारा लगातार निगरानी और काउंसलिंग की जा रही है। टीमों ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की कि पानी को उबालकर अथवा सुरक्षित तरीके से शुद्ध करने के बाद ही उसका सेवन करें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित एवं आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने, स्वास्थ्य परीक्षण करने, आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने तथा लोगों को जलजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
— चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल

















