Connect with us

उत्तराखण्ड

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का लिया संकल्प

पवनित सिंह बिंद्रा

हल्द्वानी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आजाद नगर स्थित सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। इसके उपरांत विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरदार पटेल बचपन से ही देशभक्ति, साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की भावना से ओतप्रोत थे। उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायक मिसाल है।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की। वर्ष 1918 में खेड़ा सत्याग्रह और 1928 में बारडोली सत्याग्रह का सफल नेतृत्व कर उन्होंने अपनी अद्भुत संगठन क्षमता और नेतृत्व का परिचय दिया। बारडोली सत्याग्रह की सफलता के बाद ही उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि से सम्मानित किया गया।

सिद्दीकी ने कहा कि देश की आजादी के बाद सरदार पटेल भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री बने। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, कूटनीतिक कुशलता, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रशासनिक क्षमता के बल पर देश की 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। इसी ऐतिहासिक योगदान के कारण उन्हें भारत की एकता का शिल्पकार कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर निर्णय लेने की क्षमता के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सरल स्वभाव, उच्च विचारों और अद्भुत नेतृत्व क्षमता के लिए भी जाने जाते हैं। आज उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखें तथा समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सद्भाव की भावना को बढ़ावा दें।

इस अवसर पर सोमपाल मौर्य, जावेद सिद्दीकी, अरशद अय्यूब, पूर्व पार्षद महबूब आलम, इस्लाम मिकरानी, नईम सलमानी, जावेद मिकरानी, संजय कुमार, अशरफ खान, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, शकील अंसारी, अथर खान, नाजिम खान, सुरेश गुप्ता, समीर मिकरानी, बबलू, सोनी अंसारी, उस्मान सलमानी, फरहत सिद्दीकी और राजू चौधरी सहित सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page