उत्तराखण्ड
सतत शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के विकास के लिए हुडको और शहरी विकास निदेशालय के बीच एमओयू

एमओयू के माध्यम से राज्य में शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के लिए बैंक योग्य विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (Bankable DPR) तैयार करने, क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण तथा अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत परियोजनाओं के वित्तपोषण में सहयोग किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य राज्य के शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) की परियोजना तैयार करने और वित्तीय संसाधन जुटाने की क्षमता को मजबूत करना है। इसके साथ ही व्यवहार्य एवं सतत शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
एमओयू पर श्री विनोद कुमार गोस्वामी, आईएएस, निदेशक, शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड सरकार ने शहरी विकास निदेशालय की ओर से तथा हुडको क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून के क्षेत्रीय प्रमुख ने हुडको की ओर से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार, शहरी विकास विभाग और हुडको देहरादून के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह समझौता उत्तराखंड में यूसीएफ एवं यूआईडब्लूआईएन के माध्यम से परियोजना विकास, संस्थागत क्षमता निर्माण और वित्तपोषण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे राज्य के शहरी निकायों को आधुनिक और टिकाऊ अवसंरचना परियोजनाओं के लिए बेहतर वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग प्राप्त हो सकेगा।

















